सर्दी का सितम : कश्मीर में जम गए झरने, दिल्ली में टूट सकता है 119 साल का रिकॉर्ड

उत्तर भारत में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक हाड़ कंपाती ठंड का कहर जारी है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में ज्यादातर जगहों पर तापमान शून्य से तीन डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। 


भारतीय मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक सोमवार के दिन दिल्ली में ठंड पिछले 119 साल का रिकार्ड तोड़ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में दिसंबर का सबसे सर्द दिन रहने की संभावना है। दिल्ली में दिन का तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में दोपहर ढाई बजे तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने ट्वीट किया, ''पिछले 119 साल में दिसंबर के महीने में आज दिल्ली में सर्द दिन रहने का अनुमान है, क्योंकि दोपहर ढाई बजे सफदरजंग में तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।''  

मौसम विभाग ने रविवार को आठ राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया था। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्यप्रदेश में भीषण सर्दी को लेकर चेतावनी जारी की गई। वहीं, उत्तर प्रदेश में ठंड से अब तक 68 लोगों की मौत हो चुकी है। 

दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सोमवार का न्यूनतम तापमान 3° सेल्सियस से भी कम दर्ज हुआ।